सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के प्रादेशिक कार्यालय, केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून की ओर से कार्यालय परिसर में राजभाषा हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन नं. 7, जीबीओ कंपाउंड, सर्वे ऑफ इंडिया, सर्वे चौक, देहरादून में किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सरकारी कामकाज में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रशासनिक दक्षता बढ़ाना तथा भारत सरकार के राजभाषा नियमों और दिशा-निर्देशों की जानकारी देना रहा।
कार्यशाला में श्री महिमानंद भट्ट, पूर्व प्रबंधक, राजभाषा ने राष्ट्रीय हिंदी दिवस के महत्व, राजभाषा नीति के प्रावधानों और प्रशासनिक कार्यों में हिंदी की भूमिका पर व्याख्यान दिया। उन्होंने प्रशासनिक पत्राचार, फाइल नोटिंग, ड्राफ्टिंग और डिजिटल माध्यमों में हिंदी के प्रभावी प्रयोग को लेकर व्यावहारिक जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पत्राचार और फाइल नोटिंग में हिंदी के सरल और सहज रूप का प्रयोग किया जाना चाहिए। दैनिक सरकारी कामकाज में बिना झिझक हिंदी को प्राथमिकता देने की जरूरत है।
कार्यशाला के दौरान बताया गया कि हिंदी पखवाड़े के तहत सीबीसी देहरादून और पीआईबी देहरादून के कर्मचारियों के लिए टाइपिंग, टिप्पणी और निबंध लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर पीआईबी देहरादून के मीडिया संचार अधिकारी श्री अनिल दत्त शर्मा ने कहा कि डिजिटल युग में हिंदी का प्रयोग पहले की तुलना में अधिक सुलभ हो गया है। आधुनिक तकनीक और डिजिटल साधनों का उपयोग कर दैनिक शासकीय कार्यों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ाया जा सकता है।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post