
हरिद्वार। लक्सर-रुड़की हाईवे पर डोसनी मंदिर के पास शुक्रवार को एक तेज रफ्तार बस और खनन सामग्री से भरे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क पर पलट गया। वहीं बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस रुड़की से लक्सर की ओर जा रही थी, जबकि बजरी से भरा ट्रक लक्सर से रुड़की की तरफ आ रहा था। बताया जा रहा है कि डोसनी मंदिर के समीप पहुंचने पर बस चालक ने आगे चल रहे एक वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद ट्रक सड़क पर पलट गया और उसमें लदी खनन सामग्री सड़क पर फैल गई। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची तथा यातायात को सुचारू कराने के प्रयास शुरू किए गए।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post