हरिद्वार रेलवे स्टेशन की वाशिंग लाइन में मेंटीनेंस के लिए खड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस के पास करीब 10 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। अजगर ट्रेन के कोच के आसपास घूमता हुआ अंदर घुसने का प्रयास करता नजर आया। समय रहते कर्मचारियों की नजर पड़ने से एक बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि वाशिंग लाइन में रखरखाव का काम कर रहे कर्मचारियों ने ट्रेन के पास अजगर को देखा। विशालकाय अजगर को देखकर कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने बिना जोखिम उठाए तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही हरिद्वार रेंज की वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इस दौरान वन विभाग की टीम ने पूरी सावधानी बरतते हुए अजगर को ट्रेन और आसपास के क्षेत्र से बाहर निकाला।
वन विभाग के मुताबिक रेस्क्यू किए गए अजगर को बाद में उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। राहत की बात यह रही कि अजगर के ट्रेन के अंदर प्रवेश करने से पहले ही कर्मचारियों ने उसे देख लिया। अगर वह कोच के अंदर पहुंच जाता तो यात्रियों के बीच दहशत और खतरे की स्थिति पैदा हो सकती थी।
वन विभाग की टीम ने बताया कि पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन को सावधानीपूर्वक अंजाम दिया गया। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने भी राहत की सांस ली। वाशिंग लाइन जैसे क्षेत्र में वन्यजीव की मौजूदगी को लेकर कर्मचारियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
शीशपाल सिंह, रेंज अधिकारी, हरिद्वार
Reported By: Praveen Bhardwak












Discussion about this post