
राजधानी देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में गुरुवार को दो गुटों के बीच विवाद के बाद फायरिंग से हड़कंप मच गया। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि आईटीएस कॉलेज रोड पर पीड़ित पक्ष का गुरमीत और उसके साथियों से पहले से विवाद चल रहा था। गुरुवार को फोन पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद गुरमीत अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और फायरिंग कर दी।
इसके बाद पीड़ित पक्ष ने आरोपियों का पीछा किया। चौक के पास एक बार फिर फायरिंग हुई, जिसमें साहिल नाम का युवक गोली लगने से घायल हो गया। घायल साहिल को उपचार के लिए महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने स्विफ्ट कार को रोक लिया। इस दौरान कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि रोहित नाम के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को कब्जे में ले लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूरे मामले की जांच की जा रही है और फायरिंग के पीछे की वजह समेत अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
प्रमोद कुमार, SP सिटी देहरादून
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post