भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने उत्तराखंड में आगामी तीन दिनों तक मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार 5 जून से 7 जून तक राज्य के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। कई जिलों में तेज बारिश, आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी जताया गया है।
मौसम विभाग देहरादून के अनुसार 5 जून को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
विभाग ने पौड़ी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में भी तेज बारिश और बिजली चमकने को लेकर चेतावनी जारी की है। इसके अलावा राज्य के अन्य पर्वतीय जनपदों तथा मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों, किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वालों को सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। विभाग ने आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रह सकता है।
रोहित थपलियाल: मौसम वैज्ञानिक, देहरादून
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post