हरिद्वार जिले के लक्सर स्थित ऐतिहासिक एवं महाभारतकालीन पंचलेश्वर महादेव मंदिर एक बार फिर विवादों में आ गया है। मंदिर के महंत एवं शिकायतकर्ता महाराज शिवानंद गिरि ने मंदिर समिति के कुछ सदस्यों पर संपत्तियों के प्रबंधन और चढ़ावे में अनियमितताओं सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही विरोध करने पर जान से मारने की धमकी मिलने का भी दावा किया है।
पश्चिम वाहिनी गंगा के तट पर स्थित पंचलेश्वर महादेव मंदिर को श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, महाभारत काल में वनवास के दौरान पांडवों ने यहां तपस्या की थी। यही कारण है कि वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
महंत महाराज शिवानंद गिरि का आरोप है कि मंदिर समिति के कुछ सदस्यों ने नियमों के विरुद्ध मंदिर की संपत्तियों और कमरों को किराए पर दिया। इसके अलावा मंदिर में आने वाले चढ़ावे के प्रबंधन में भी कथित अनियमितताएं बरती गईं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
महंत का यह भी कहना है कि जब उन्होंने इन कथित अनियमितताओं का विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकियां दी गईं। उनके अनुसार, मंदिर जैसी पवित्र संस्था में इस प्रकार की गतिविधियां न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं, बल्कि श्रद्धालुओं के विश्वास को भी प्रभावित करती हैं।
फिलहाल मामले को लेकर संबंधित पक्ष की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, शिकायत के आधार पर प्रशासन और संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच किए जाने की मांग उठ रही है।
मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। स्थानीय लोग और श्रद्धालु पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि मंदिर की गरिमा और श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे।
विनय शिकायतकर्ता
महाराज शिवानंद गिरी
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post