
ऋषिकेश। विश्व एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह (World Antimicrobial Awareness Week) 2026 के तहत शुक्रवार को एम्स ऋषिकेश में विभिन्न जागरूकता और शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य एंटीमाइक्रोबियल दवाओं के जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देने के साथ संक्रमण की रोकथाम और नियंत्रण के उपायों को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम के तहत अस्पताल के ओपीडी काउंटरों पर नुक्कड़ नाटक और रोल प्ले के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। इसमें हाथों की स्वच्छता बनाए रखने और एंटीबायोटिक दवाओं का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही नर्सिंग अधिकारियों के लिए डायग्नोस्टिक स्टीवर्डशिप यानी जांच के उचित उपयोग पर कार्यशाला आयोजित की गई।
डॉ. प्रतिमा गुप्ता, डॉ. वन्या सिंह और डॉ. रंजना रोहिल्ला के नेतृत्व में आयोजित कार्यशाला में सही डायग्नोस्टिक टेस्ट के चयन और सैंपल लेने की उचित प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि संक्रमण की सही पहचान और समय पर उचित जांच उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस अवसर पर विश्व एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह-2026 की थीम पर आधारित जागरूकता वीडियो प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें फैकल्टी सदस्यों, नर्सिंग अधिकारियों, रेजिडेंट डॉक्टरों, मेडिकल, नर्सिंग और पैरामेडिकल छात्रों सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में सीएफएम विभाग की डॉ. वर्तिका सक्सेना ने कहा कि जागरूकता वीडियो आम जनता को शिक्षित करने का प्रभावी माध्यम हैं। इनके जरिए एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) यानी रोगाणुरोधी प्रतिरोध के प्रति लोगों को जागरूक किया जा सकता है। उन्होंने एंटीमाइक्रोबियल दवाओं के जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
एम्स ऋषिकेश की इस पहल के माध्यम से स्वास्थ्यकर्मियों और आम लोगों को संक्रमण नियंत्रण, स्वच्छता तथा एंटीबायोटिक दवाओं के सही इस्तेमाल के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
Reported By: ;Arun Sharma












Discussion about this post