
संविधान दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat), चमोली की ओर से राजकीय विधि महाविद्यालय, गोपेश्वर में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 80 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान युवाओं ने ‘विकसित भारत@2047’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए अपने विचार और महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
कार्यक्रम में युवा आइकॉन राजेंद्र प्रसाद सती ने ‘विकसित भारत@2047’ विषय पर प्रेरणादायक प्रस्तुति दी। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, जिम्मेदारियों और योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए युवाओं से देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपने कौशल, नवाचार और सकारात्मक सोच के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और नागरिक कर्तव्यों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सुझाव साझा किए। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान के मूल्यों, आदर्शों तथा लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर राजकीय विधि महाविद्यालय के प्राध्यापकों के साथ जिला युवा अधिकारी आदित्य राज दीक्षित मौजूद रहे। राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक ममता फरस्वाण, गौरव नेगी और देवेश्वरी ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत@2047 के संकल्प से जोड़ना, उन्हें राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना और उनके विचारों को एक सार्थक मंच प्रदान करना था। युवा संवाद ने प्रतिभागियों में देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के प्रति उत्साह और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post