
उत्तरकाशी। विकासखंड मोरी के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने सहायता कार्य तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में प्रशासन द्वारा प्रभावितों को तत्काल राहत एवं जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इसी क्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने अग्निकांड में प्रभावित परिवारों को अहेतुक सहायता राशि के चेक वितरित किए। इस दौरान आग से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए 39 भवनों और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त 11 भवनों के स्वामियों को 5-5 हजार रुपये की तत्काल सहायता दी गई। इस तरह कुल 50 प्रभावित भवन स्वामियों को राहत राशि उपलब्ध कराई गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने खाद्यान्न, अस्थायी आवास, किराये पर रहने की व्यवस्था और आवश्यक सामग्री की किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावितों को अन्य बुनियादी सुविधाएं भी प्राथमिकता के आधार पर मुहैया कराने को कहा।
प्रशासन का कहना है कि अग्निकांड प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने और उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
Reported By: Gopal nautiyal













Discussion about this post