बद्रीनाथ धाम के चढ़ावा (दान) मामले को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाते हुए बद्री-केदार मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष को तत्काल पद से हटाने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कथित घोटाले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच तभी संभव है, जब मंदिर समिति के अध्यक्ष को उनके पद से हटाया जाए।
गणेश गोदियाल ने कहा कि इस मामले में गिरफ्तार किए गए दूसरे आरोपी ने पूछताछ के दौरान दावा किया है कि उसने यह कृत्य बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष के निजी सचिव (पीएस) प्रमोद नौटियाल के निर्देश पर किया था। ऐसे में उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए मंदिर समिति की भूमिका की भी गहन जांच आवश्यक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे प्रकरण में कहीं न कहीं मंदिर समिति की भी जिम्मेदारी बनती है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री द्वारा अब तक बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष को पद से नहीं हटाया जाना कई सवाल खड़े करता है और इससे सरकार की मंशा पर भी संदेह उत्पन्न होता है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को इस मामले में पूरी पारदर्शिता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं का मंदिर व्यवस्था और प्रशासन पर विश्वास बना रहे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग लगातार उठाती रहेगी तथा यदि आवश्यक हुआ तो इस मुद्दे को व्यापक स्तर पर भी उठाया जाएगा।
गणेश गोदियाल, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post