
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि इस पूरे प्रकरण में प्रदेश की सहानुभूति रेखा आर्य के साथ है।
धस्माना ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति यह है कि सरकार की एक मंत्री भी अपने ही घर में सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने रेखा आर्य और उनके पति के बीच सामने आए विवाद को गंभीर बताते हुए मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की।
कांग्रेस नेता ने कहा कि इस प्रकरण में घरेलू हिंसा से जुड़े आरोपों के साथ ही रेखा आर्य के पति की ओर से मंत्री पर 200 करोड़ रुपये से अधिक के भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए गए हैं। ऐसे में मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी व्यापक जांच होनी चाहिए।
सूर्यकांत धस्माना ने मांग की कि मामले में केवल पुलिस जांच तक सीमित नहीं रहा जाना चाहिए, बल्कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आयकर विभाग को भी तत्काल हस्तक्षेप कर आरोपों की जांच करनी चाहिए। उन्होंने गिरधारी लाल साहू के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की।
कांग्रेस ने इस पूरे प्रकरण को महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार से जुड़े गंभीर सवालों के रूप में उठाते हुए सरकार से मामले में पारदर्शिता बरतने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की है।
सूर्यकांत धस्माना, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष, कांग्रेस













Discussion about this post