विकास भवन परिसर में भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की 139वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने पंत जी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया और राष्ट्र एवं समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पंडित गोविन्द बल्लभ पंत के व्यक्तित्व, कृतित्व और स्वतंत्रता संग्राम में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि पंत जी का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहा।
मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने कहा कि पंडित गोविन्द बल्लभ पंत केवल स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी सेनानी ही नहीं, बल्कि दूरदर्शी प्रशासक, कुशल राजनेता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाले राष्ट्रनिर्माता थे। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में वंचित और सामान्य वर्ग के हितों को केंद्र में रखते हुए प्रशासन और शासन को जनोन्मुखी स्वरूप देने का कार्य किया।
उन्होंने कहा कि पंत जी का जीवन कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों और मूल्यों को आत्मसात करते हुए जनसेवा को सर्वोच्च दायित्व मानकर कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सीडीओ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए ईमानदारी से कार्य करना ही पंडित पंत के आदर्शों को वास्तविक रूप में आगे बढ़ाना है।
Reported By: Gopal Nautiyal












Discussion about this post