
– उत्तराखंड की देवभूमि और यहां के लोगों को लेकर दिए गए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के कथित ‘घुसपैठिया’ बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है। रुड़की पहुंचे श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम महाराज ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने उत्तराखंड की धार्मिक और सैन्य परंपरा का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव से माफी मांगने की मांग की। इतना ही नहीं, आचार्य प्रमोद कृष्णम ने अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव का जिक्र करते हुए भी सवाल उठाए और कांग्रेस तथा राहुल गांधी की चुप्पी पर निशाना साधा।
उत्तराखंड की सियासत में अब ‘घुसपैठिया’ बयान को लेकर बयानबाजी तेज होती नजर आ रही है। रुड़की पहुंचे आचार्य प्रमोद कृष्णम महाराज ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि उत्तराखंड कोई सामान्य भूमि नहीं, बल्कि देवभूमि है। इसी धरती पर मां गंगा का उद्गम होता है, चारों धाम विराजमान हैं और उत्तराखंड के वीर जवान देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों कोकि घुसपैठिया कहना बेहद शर्मनाक है। उनके मुताबिक, इस तरह की टिप्पणी देवभूमि और यहां के लोगों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली है। उन्होंने अखिलेश यादव से अपने बयान पर माफी मांगने की मांग की।
इस राजनीतिक बयानबाजी में आचार्य प्रमोद कृष्णम ने अखिलेश यादव की पत्नी और सांसद डिंपल यादव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि डिंपल यादव का मायका भी उत्तराखंड में है। ऐसे में अखिलेश यादव को अपनी पत्नी से भी माफी मांगनी चाहिए। वहीं, इस पूरे मामले पर कांग्रेस और राहुल गांधी की चुप्पी को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। फिलहाल, अखिलेश यादव के बयान को लेकर आचार्य प्रमोद कृष्णम की इस प्रतिक्रिया ने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है। अब देखना होगा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की ओर से इस मुद्दे पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है। देवभूमि के सम्मान और राजनीतिक बयानबाजी का यह मुद्दा आने वाले दिनों में और तूल पकड़ सकता है।
आचार्य प्रमोद कृष्णम महाराज (कल्कि धाम पीठाधीश्वर)
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post