इसे भी पढ़ें
संयुक्त नागरिक संगठन के पदाधिकारियों ने समाज कल्याण मंत्री खजान दास से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण तथा कल्याण नियमावली 2011 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
प्रतिनिधियों ने राज्य और जनपद स्तर पर वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए समितियों के गठन की मांग की। मंत्री खजान दास ने इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए सचिव और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि समय-समय पर बुजुर्गों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से फीडबैक लेकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही वरिष्ठ नागरिकों के हितों को लेकर अधिनियम के अनुरूप राज्य और जिला स्तर पर चल रही समितियों के गठन की समीक्षा की जाएगी। इसमें वरिष्ठ नागरिक संगठनों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि उनकी समस्याओं को सीधे तौर पर समझा जा सके।
बैठक में स्वास्थ्य, सुरक्षा, पेंशन, संचार और सार्वजनिक सुविधाओं जैसे विषयों पर विशेष चर्चा हुई। साथ ही यह भी प्रस्ताव रखा गया कि पुलिस थानों, अस्पतालों और परिवहन स्टेशनों जैसे सार्वजनिक स्थलों पर वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता और सम्मानजनक सुविधा दी जाए।
मंत्री ने आश्वासन दिया कि इन सभी बिंदुओं पर ठोस निर्णय लिए जाएंगे, ताकि वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी समस्याओं की पुनरावृत्ति न हो और उन्हें बेहतर जीवन सुविधाएं मिल सकें।
Reported By: Arun sharma












Discussion about this post