राजधानी देहरादून में हाउस टैक्स की वसूली को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। बकाया कर वसूलने के लिए निगम की ओर से बड़े बकायेदारों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसके साथ ही करदाताओं को समय पर टैक्स जमा करने के लिए व्हाट्सएप के माध्यम से भी लगातार संदेश भेजे जा रहे हैं।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 72 करोड़ रुपये का हाउस टैक्स वसूला जा चुका है, जो अब तक की रिकॉर्ड वसूली मानी जा रही है। निगम का लक्ष्य शत-प्रतिशत कर संग्रह सुनिश्चित करना है, ताकि शहर के विकास कार्यों को और गति दी जा सके।
मेयर ने कहा कि नगर निगम कर संग्रह को लेकर पूरी गंभीरता से काम कर रहा है। बड़े बकायेदारों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने करदाताओं से समय पर हाउस टैक्स जमा करने की अपील करते हुए कहा कि इससे अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सकता है।
नगर निगम का कहना है कि टैक्स वसूली से प्राप्त राजस्व का उपयोग शहर में सड़क, सफाई, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं के विकास पर किया जाएगा। निगम ने सभी संपत्ति स्वामियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना हाउस टैक्स जमा करने की अपील की है।
सौरभ थपलियाल, मेयर देहरादून।
Reported By: Shiv Narayan












Discussion about this post