
मुनस्यारी में बोरागांव की बसंती देवी शाही और पातो के प्रदीप सिंह दरियाल हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार को कैंडिल मार्च निकाला। मुनस्यारी बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले हुए इस मार्च में सैकड़ों लोग शामिल हुए।
टोल टैक्स से गांधी प्रतिमा तक निकले मार्च में क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जांच की धीमी रफ्तार पर सवाल उठाए। वक्ताओं ने कहा कि अगर पुलिस अपराधियों को पकड़ने में विफल रहती है, तो मामले की सीबीआई जांच के लिए प्रस्ताव भेजा जाए।
समिति के संयोजक जगत मर्तोलिया ने चेतावनी दी कि 9 नवंबर तक कार्रवाई न होने पर सीमांत के गांव-गांव में उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। वक्ताओं ने पर्वतीय क्षेत्रों में बढ़ते नशे और बाहरी लोगों की घुसपैठ को भी अपराधों का कारण बताया।
उधर, मदकोट में भी सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों ने प्रदीप दरियाल की मौत की जांच की मांग को लेकर शांतिपूर्ण कैंडिल मार्च निकाला और शीघ्र न्याय की मांग की।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post