आगामी कुंभ मेले को देखते हुए हरिद्वार में मां गंगा के तट पर संत शिरोमणि गुरु रविदास के नाम से घाट बनाए जाने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में संत शिरोमणि गुरु रविदास संप्रदाय साधु समाज सोसायटी के प्रबंधक राजकुमार डोगरा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त नंदन कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि मां गंगा के किनारे संत शिरोमणि गुरु रविदास के नाम से एक स्थायी घाट का निर्माण कराया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले उनके अनुयायियों को धार्मिक अनुष्ठान और स्नान-ध्यान के लिए एक समर्पित स्थल उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर राजकुमार डोगरा ने कहा कि गुरु रविदास के जीवन और मां गंगा से जुड़ी अनेक धार्मिक कथाएं प्रचलित हैं, लेकिन धर्मनगरी हरिद्वार में आज तक उनके नाम पर न तो कोई घाट, स्मारक और न ही कोई उद्यान स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में गुरु रविदास के अनुयायी हर वर्ष हरिद्वार आकर गंगा स्नान और पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसे में आगामी कुंभ मेले से पहले उनके नाम पर घाट का निर्माण जनभावनाओं का सम्मान होगा।
राजकुमार डोगरा
इस मांग को पूर्व कृषि उत्पादन मंडी समिति अध्यक्ष एवं भाजपा नेता संजय चोपड़ा ने भी समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास के अनुयायी वर्षों से इस मांग को उठाते आ रहे हैं। गुरु रविदास ने अपने जीवन में समाज को समानता, सेवा और जनकल्याण का संदेश दिया, इसलिए उनके नाम पर घाट का निर्माण पूरी तरह न्यायसंगत और सराहनीय कदम होगा।
संजय चोपड़ा ने कहा कि नगर निगम द्वारा कई सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं को गंगा घाटों के रखरखाव की जिम्मेदारी दी गई है। उसी तर्ज पर संत शिरोमणि गुरु रविदास के अनुयायियों की आस्था का सम्मान करते हुए उनके नाम से भी एक घाट विकसित किया जाना चाहिए।
मंडी समिति अध्यक्ष संजय चोपड़ा
प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम प्रशासन से मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया, ताकि आगामी कुंभ मेले से पहले श्रद्धालुओं को यह सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
Reported By; Arun Sharma












Discussion about this post