
त्योहारी सीजन में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच उत्तराखंड सरकार ने मिलावटखोरों पर सख्ती शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देश पर पूरे प्रदेश में खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान जारी है। सचिव स्वास्थ्य एवं आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. आर. राजेश कुमार के नेतृत्व में सीमाओं और बाजारों पर निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि मिलावटी मावा और मिठाइयाँ राज्य में प्रवेश न कर सकें।
देहरादून में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने हर्रावाला, मोहकमपुर, हरिद्वार रोड और सहसपुर क्षेत्रों में छापेमारी कर मिठाइयों व दुग्ध उत्पादों के नमूने लिए। वहीं अमानतगढ़ में पुलिस और विभाग की संयुक्त कार्रवाई में लगभग 10 क्विंटल संदिग्ध मावा जब्त किया गया। रुड़की में भी बिना तापमान नियंत्रण के मावा सप्लाई करते हुए वाहन पकड़ा गया, जिसका मावा मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि “मिलावट पर जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत किसी को बख्शा नहीं जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रावत ने आमजन से अपील की है कि संदिग्ध खाद्य वस्तुओं की सूचना तुरंत दें। सचिव स्वास्थ्य डॉ. कुमार ने बताया कि पूरे प्रदेश में प्रतिदिन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है और दोषियों पर एफएसएसएआई एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post