बाजपुर में लगातार हो रही बारिश के बीच लेवड़ा नदी के उफान पर आने से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। कई इलाकों में लोगों के घरों में तीन से चार फीट तक पानी और मिट्टी भरने की बात सामने आई है। इसी बीच मौके पर पहुंचे लोक निर्माण विभाग के जेई के साथ कथित मारपीट और उनके चेहरे पर कीचड़ पोतने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि लेवड़ा नदी पर निर्माणाधीन पुल के कारण पानी की निकासी प्रभावित होने और निर्माण कार्य की धीमी गति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। इसी को लेकर मौके पर पहुंचे लोक निर्माण विभाग के जेई राजीव गौड़ के साथ भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार और उनके समर्थकों की कथित तौर पर तीखी झड़प हो गई।
आरोप है कि राजेश कुमार ने जेई के चेहरे पर कीचड़ पोत दी और उनके साथ मारपीट की गई। घटना के दौरान मौके पर मौजूद मीडिया कैमरों में पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड होने का दावा किया जा रहा है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात कही जा रही है।
जेई ने कोतवाली में दी तहरीर
घटना के बाद लोक निर्माण विभाग के जेई राजीव गौड़ कोतवाली पहुंचे और तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान बाजपुर के उपजिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे।
वहीं, पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार ने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि लोगों के घरों में चार-चार फीट तक पानी और मिट्टी भर गई है और इसके लिए कार्यदायी संस्था की कथित लापरवाही जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि यदि पुल का निर्माण कार्य समय पर पूरा कर दिया जाता तो क्षेत्र में ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।
राजेश कुमार ने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही का असर सरकार की छवि पर भी पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की छवि धूमिल किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी नाराजगी के चलते उन्होंने अधिकारी के चेहरे पर कीचड़ पोती।
यूकेडी ने घटना की निंदा की
मामले में उत्तराखंड क्रांति दल ने भी प्रतिक्रिया दी है। यूकेडी के केंद्रीय महामंत्री देवचंद उत्तराखंडी ने घटना की घोर निंदा करते हुए आरोप लगाया कि अधिकारियों पर राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कोई अधिकारी काम नहीं कर रहा है तो इसके लिए भी सरकार और भाजपा की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के दबाव में अधिकारी काम नहीं कर पा रहे हैं और अधिकारियों को धमकाने के साथ काम में बाधा डाली जा रही है।
वहीं, प्रशासन की ओर से मामले में जांच और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट की जा रही है। अब पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई और प्रशासनिक जांच पर नजर है।
केंद्रीय महामंत्री देवचंद उत्तराखंडी
Reported By: Shiv Narayan












Discussion about this post