सावन माह के पावन पर्व महाशिवरात्रि के अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। मंदिरों में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में निरंजनी अखाड़े में भी संत-महात्माओं ने भगवान भोलेनाथ और मां मनसा देवी की विशेष पूजा-अर्चना की।
इस दौरान अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी महाराज ने हाल ही में संपन्न हुए हरिद्वार कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं को लेकर उत्तराखंड सरकार और जिला प्रशासन की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि हरिद्वार का कांवड़ मेला किसी भी मायने में कुंभ से कम नहीं है। कांवड़ मेले के दौरान देशभर से करोड़ों की संख्या में शिवभक्त हरिद्वार पहुंचते हैं और इतनी बड़ी भीड़ के बीच व्यवस्थाएं बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती है।
रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम ने कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए लगातार मेहनत की। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान प्रशासन, पुलिस, सफाईकर्मियों और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने दिन-रात मोर्चा संभाले रखा।
अखाड़ा परिषद अध्यक्ष ने संत समाज की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को कांवड़ मेला सफलतापूर्वक संपन्न होने पर साधुवाद और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी धार्मिक यात्रा को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।
महाशिवरात्रि के अवसर पर हरिद्वार में एक बार फिर श्रद्धालुओं की आस्था देखने को मिल रही है। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से धर्मनगरी का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
मंहत रवींद्रपुरी महाराज अध्यक्ष अखाड़ा परिषद
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post