
देहरादून। 10, 16 और 26 वर्ष की सेवा पर पूर्व की भांति एसीपी (प्रोन्नत वेतनमान) व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर कर्मचारियों ने आंदोलन की तैयारियां तेज कर दी हैं। 27 नवंबर को प्रस्तावित रैली को सफल बनाने के लिए राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद एवं उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की संयुक्त बैठक लोक निर्माण विभाग भवन स्थित कार्यालय में एसीपी बहाली मोर्चा के बैनर तले आयोजित की गई। बैठक में रैली की तैयारियों की समीक्षा के साथ दोनों संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष आरसी शर्मा, प्रांतीय अध्यक्ष छबीलदास सैनी, सतीश कुमार, अधिशासी अभियंता, अनिल कुमार एवं शिवेंद्र सहित राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अरुण पांडे, प्रदेश महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट, प्रदेश प्रवक्ता हर्ष जोशी, कोषाध्यक्ष रविन्द्र, लोक निर्माण विभाग नियमित वर्कचार्ज संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश प्रसाद और गन्ना पर्यवेक्षक संघ के अध्यक्ष सुरेश कुमार मौजूद रहे।
बैठक में अब तक की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। पदाधिकारियों ने बताया कि 27 नवंबर की रैली को लेकर प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। विभिन्न जनपदों में विभागीय कार्यालयों के स्तर पर गेट मीटिंग और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से कर्मचारियों को लंबित मांगों और पुरानी एसीपी व्यवस्था की बहाली के मुद्दे पर एकजुट किया जा रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि 27 नवंबर को प्रदेशभर के कर्मचारी बड़ी संख्या में एकत्र होकर सरकार के समक्ष अपनी नाराजगी और लंबित मांगों को रखेंगे। कर्मचारियों की व्यापक भागीदारी के माध्यम से रैली को प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि मांगों के समाधान के लिए शासन का ध्यान आकर्षित किया जा सके।
बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद और उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ अपने-अपने जनपद एवं मंडलीय पदाधिकारियों को रैली की तैयारियों के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी करेंगे। दोनों संगठन आपसी समन्वय के साथ आंदोलन को सफल बनाने के लिए प्रयास करेंगे। पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की एकजुटता के दम पर पुरानी एसीपी व्यवस्था की बहाली की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा।
Reported By: Arun Sharma














Discussion about this post