
ऋषिकेश। परमार्थ निकेतन में गोपाष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर परमार्थ पीठाधीश्वर स्वामी चिदानंद सरस्वती और परमार्थ गुरुकुल के ऋषिकुमारों ने गौ माता का विधिवत पूजन एवं आरती की। साथ ही समस्त विश्व के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की मंगलकामना की।
कार्यक्रम के दौरान गौ माता को तिलक लगाकर पुष्प अर्पित किए गए और विधि-विधान से पूजन किया गया। स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और भारतीय जीवन दर्शन का अभिन्न अंग हैं। गौ माता केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि करुणा, वात्सल्य, त्याग, सेवा और समृद्धि की जीवंत अभिव्यक्ति हैं।
उन्होंने कहा कि गोपाष्टमी का पर्व भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का स्मरण कराता है। भगवान श्रीकृष्ण ने गौ सेवा और संरक्षण के माध्यम से मानवता को प्रेम, करुणा और सह-अस्तित्व का संदेश दिया। उनका गोपाल स्वरूप हमें प्रकृति, पशु-पक्षियों और समस्त प्राणियों के प्रति प्रेम एवं संवेदना रखने की प्रेरणा देता है।
स्वामी चिदानंद ने कहा कि गौ माता का संरक्षण केवल धार्मिक कर्तव्य नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी भी है। गौ सेवा के माध्यम से सेवा, समर्पण और जीव मात्र के प्रति सम्मान के संस्कार विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि गौ सेवा केवल पर्वों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा। गौ माता के लिए पौष्टिक आहार, स्वच्छ एवं सुरक्षित आश्रय, समय पर चिकित्सा और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना सभी का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने गौ संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं से आगे आने का आह्वान किया। कहा कि आने वाली पीढ़ियों को गौ माता के सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पर्यावरणीय महत्व से परिचित कराना जरूरी है, ताकि उनमें जीवों के प्रति दया, प्रेम और सेवा के संस्कार विकसित हो सकें।
स्वामी चिदानंद सरस्वती ने प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि और पर्यावरण संरक्षण को भी प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गौ आधारित प्राकृतिक संसाधनों का सदुपयोग ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और प्रकृति के साथ संतुलन स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
अंत में उन्होंने सभी को गोपाष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गौ सेवा करुणा की साधना है और करुणा ही सनातन संस्कृति की आत्मा है।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post