
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सुवाखोली में प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में प्रतिभाग किया। शिविर के दौरान कुल 32 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, लाभार्थियों को बेबी किट तथा किसानों को कृषि यंत्र वितरित किए गए। साथ ही ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने 12 जनवरी को गढ़ बुरांसखड़ा में आयोजित शिविर में दिए गए निर्देशों के तहत मात्र दो दिनों में गढ़ बुरांसखड़ा मोटर मार्ग के एलाइनमेंट कार्य के पूर्ण होने पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का आभार व्यक्त किया।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से प्रत्येक न्याय पंचायत में शिविर आयोजित कर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। साथ ही हर घर जल योजना और ग्रामीण सड़क निर्माण को सरकार की प्राथमिकताओं में बताया।
Reported By: Rajesh Kumar













Discussion about this post