हरिद्वार जिला कारागार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि फोन कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज के जरिए धमकी दी गई। घटना के बाद जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।
पुलिस के मुताबिक धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान जेल में बंद एक महिला कैदी के पति हिमांशु चड्ढा के रूप में हुई है। आरोप है कि वह अपनी पत्नी को जेल के अंदर मोबाइल फोन समेत अन्य प्रतिबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जेल अधिकारियों पर दबाव बना रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर उसने कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर वरिष्ठ जेल अधीक्षक को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
मामले में वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य की शिकायत पर सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने धमकी से जुड़े फोन नंबर और व्हाट्सऐप मैसेज की जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस साइबर सेल और सर्विलांस की मदद से मामले की तकनीकी जांच कर रही है। धमकी में इस्तेमाल किए गए नंबर, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद जेल प्रशासन ने अधिकारियों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी है।
नवनीत सिंह भुल्लर, SSP हरिद्वार
मनोज कुमार आर्य, वरिष्ठ जेल अधीक्षक
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post