
हरिद्वार नगर निगम को बम धमाके की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस, खुफिया एजेंसियां और साइबर सेल अलर्ट मोड पर आ गई हैं। धमकी भरे ईमेल में हरिद्वार, ऋषिकेश, केदारनाथ और बद्रीनाथ सहित कई संवेदनशील स्थानों का उल्लेख किया गया है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, ईमेल में देश के केंद्रीय गृह मंत्री और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का नाम लेकर भी धमकी भरे संदेश भेजे गए हैं। ईमेल प्राप्त होने के बाद संबंधित विभागों को तत्काल सूचना दी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी।
पुलिस और खुफिया विभाग की टीमों ने संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी है। प्रमुख धार्मिक और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी कड़ी कर दी गई है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और नियमित चेकिंग अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
साइबर विशेषज्ञों की टीम ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है। तकनीकी जांच के माध्यम से ईमेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की सत्यता का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। जांच पूरी होने तक सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post