
ऋषिकेश। भाजपा सरकार की कथित भ्रष्टाचारपूर्ण कार्यप्रणाली और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित राजभवन मार्च एवं हस्ताक्षर अभियान में शामिल होने के लिए ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र से सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून कूच किया। प्रदेश महासचिव जयेंद्र रमोला के नेतृत्व में ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र से करीब 150 कांग्रेसजन, जबकि श्यामपुर और रायवाला ब्लॉक से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आंदोलन में शामिल होने पहुंचे।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की और जनहित से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। प्रदेश महासचिव जयेंद्र रमोला ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से प्रदेश का हर वर्ग परेशान है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और लगातार बढ़ती महंगाई आम आदमी की कमर तोड़ रही है। वहीं, भ्रष्टाचार के मुद्दों पर भी सरकार जवाब देने से बच रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह आंदोलन किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई है। भाजपा सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना होगा। कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, श्यामपुर ब्लॉक अध्यक्ष विजयपाल पंवार और रायवाला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोकुल रमोला ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और विभिन्न जनसमस्याओं से जूझ रही है। सरकार मूलभूत समस्याओं का समाधान करने के बजाय अपनी विफलताओं को छिपाने में लगी है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी हमेशा आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती आई है और आगे भी जनता की आवाज बनकर संघर्ष करती रहेगी। राजभवन मार्च में ऋषिकेश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि कार्यकर्ता सरकार की नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर आंदोलन कर रहे हैं।
Reported By: Arun sharma













Discussion about this post