
केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने भारत माइनिंग वीक 2026 की औपचारिक घोषणा की। देश के खनन एवं खनिज क्षेत्र के सबसे बड़े सम्मेलन और प्रदर्शनी का आयोजन 15 से 17 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में होगा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने सम्मेलन का लोगो और विवरणिका भी जारी की।
“मज़बूत संसाधन, स्मार्ट खनन, टिकाऊ भविष्य” थीम पर आयोजित होने वाला यह तीन दिवसीय सम्मेलन सरकार, उद्योग, निवेशकों, तकनीकी विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, स्टार्टअप्स और शिक्षण संस्थानों को एक मंच पर लाएगा। सम्मेलन का उद्देश्य खनन क्षेत्र में नवाचार, निवेश, तकनीकी सहयोग और टिकाऊ विकास को बढ़ावा देना है।
जी. किशन रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए सुधारों—जैसे पारदर्शी नीलामी, व्यावसायिक कोयला खनन और तकनीक आधारित शासन—ने भारत को वैश्विक खनन निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बनाया है। उन्होंने सभी हितधारकों से भारत माइनिंग वीक 2026 में भाग लेने की अपील की।
इस अवसर पर कोयला एक्सचेंज के पंजीकरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल तथा महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिज ब्लॉकों की नीलामी के आठवें चरण की भी शुरुआत की गई।
राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि खनन क्षेत्र देश की आर्थिक वृद्धि, रोजगार और क्षेत्रीय विकास का महत्वपूर्ण आधार है। वहीं, कोयला सचिव विक्रम देव दत्त ने कहा कि भारत लगातार दो वर्षों से एक अरब टन से अधिक कोयला उत्पादन और आपूर्ति का रिकॉर्ड बना चुका है, जो देश की ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक मजबूती का प्रमाण है।
Reported By: Arun Sharma















Discussion about this post