उत्तरकाशी पुलिस ने “ड्रग्स फ्री देवभूमि” और “नशामुक्त भारत अभियान” के तहत नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नौगांव क्षेत्र से दो युवकों को 15.95 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पुरोला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपदभर में अवैध नशे और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी (सीओ) बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी पुरोला दीपक कठैत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार देर रात नौगांव स्थित विल्ला रुद्रेश्वर मंदिर के समीप वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने स्कूटी संख्या UK-10A-8168 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 15.95 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज रावत (26) पुत्र महिदेव सिंह रावत और कुलदीप रावत (38) पुत्र जगवीर सिंह रावत, निवासी बड़कोट, जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पुरोला में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे किस क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
उत्तरकाशी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Reported By: Gopal Nautiyal












Discussion about this post