भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए 20 जुलाई 2026 को एहतियातन अस्थायी रूप से स्थगित की गई चारधाम यात्रा को आवश्यक समीक्षा के बाद पुनः सुचारु रूप से शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने यात्रा मार्गों की स्थिति का आकलन करने के बाद श्रद्धालुओं के लिए यात्रा बहाल कर दी है।
गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा है कि चारधाम यात्रा का संचालन सभी संबंधित विभागों के समन्वय से सुचारु रूप से किया जा रहा है। यात्रा से जुड़े सभी जिलों के जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य विभाग लगातार समन्वय बनाकर कार्य कर रहे हैं तथा यात्रा मार्गों की निरंतर निगरानी की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
आयुक्त ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान यदि किसी स्थान पर भारी बारिश, भूस्खलन या अन्य कारणों से मार्ग अस्थायी रूप से बाधित हो जाए, तो वे घबराएं नहीं और प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित स्थानों या होल्डिंग एरिया में ही रुकें। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पूरी तरह पालन करें तथा परिस्थितियां सामान्य होने के बाद ही आगे की यात्रा करें।
आनंद स्वरूप ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को मौसम की स्थिति और यात्रा मार्गों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत राहत एवं आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाते रहेंगे, जिनका पालन करना यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post