
उत्तराखंड सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी पहल करते हुए राज्य के करीब 550 राजकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों को कॉरपोरेट समूहों के सहयोग से आधुनिक बनाने जा रही है। इसके लिए राज्य सरकार और उद्योग समूहों के बीच 30 जुलाई को राजभवन में एक विशेष कार्यक्रम में एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल ले.ज. (से.नि.) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहेंगे।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य के अधिकतर पर्वतीय क्षेत्रों के स्कूल इस योजना में शामिल किए गए हैं। कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड के माध्यम से इन स्कूलों में कंप्यूटर लैब, साइंस लैब, पुस्तकालय, खेल सामग्री, शौचालय, चाहरदीवारी जैसे आधारभूत और आधुनिक संसाधन मुहैया कराए जाएंगे।
डॉ. रावत ने कहा कि यह पहल न केवल स्कूलों को संसाधन संपन्न बनाएगी, बल्कि नई शिक्षा नीति 2020 के तहत छात्रों को व्यावसायिक शिक्षा से भी जोड़ेगी। राज्य में पहले से 559 विद्यालयों में व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित हो रहे हैं, जिन्हें अब उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
Reported By: Shiv Narayan













Discussion about this post