
लालकुआं। स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए नगर पंचायत लालकुआं ने राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय और राष्ट्रीय शहरी कार्य संस्थान की पहल ‘अर्बन लर्नाथॉन 2.0’ के तहत नगर पंचायत लालकुआं को ‘Other ULBs’ श्रेणी में राष्ट्रीय विजेता घोषित किया गया है। नगर पंचायत को यह सम्मान उसके उत्कृष्ट ‘कंप्लीट वेस्ट मैनेजमेंट’ प्रोजेक्ट के लिए प्रदान किया गया।
देहरादून में आयोजित सम्मान समारोह में भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने नगर पंचायत लालकुआं को विजेता प्रमाण पत्र और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
इस उपलब्धि का मुख्य आधार जून 2025 में गठित ‘गुलमोहर’ स्वयं सहायता समूह रहा। समूह के माध्यम से संचालित अभिनव पहल ने नगर पंचायत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। इसके जरिए स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए प्रयासों को सराहना मिली।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, गुलमोहर स्वयं सहायता समूह की सदस्यों और समस्त नगरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की इस उपलब्धि से क्षेत्र का गौरव बढ़ा है। साथ ही यह सम्मान स्वच्छता और बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन के लिए किए जा रहे प्रयासों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देगा।
सुरेन्द्र सिंह लोटनी, अध्यक्ष, नगर पंचायत लालकुआँ
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post