
उत्तराखंड के खनन निदेशक राजपाल लेघा की शैक्षणिक डिग्री को चुनौती देने वाली याचिका पर नैनीताल हाईकोर्ट ने सुनवाई की। कोर्ट ने खनन निदेशक राजपाल लेघा से शपथ पत्र दाखिल कर अपना जवाब पेश करने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई के लिए 23 नवंबर की तिथि निर्धारित की गई है।
मामले के अनुसार, बागेश्वर निवासी गोपाल बनवासी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर खनन निदेशक राजपाल लेघा की डिग्री की वैधता पर सवाल उठाए हैं। याचिकाकर्ता का आरोप है कि राजपाल लेघा ने राजस्थान के जोधपुर स्थित जय नारायण व्यास कॉलेज से माइनिंग की डिग्री प्राप्त की है, लेकिन डिग्री में न तो एनरोलमेंट नंबर दर्ज है और न ही अंक अंकित हैं। ऐसे में उन्होंने डिग्री की जांच कराने की मांग की है।
याचिकाकर्ता के अनुसार, हाईकोर्ट में याचिका दायर करने से पहले उन्होंने शासन स्तर पर भी इस मामले को उठाया था। इसके तहत मुख्य सचिव और सचिव खनन को ज्ञापन देकर प्रदेश के सभी खनन अधिकारियों की शैक्षणिक डिग्रियों की जांच कराने की मांग की गई थी।
अब हाईकोर्ट ने मामले में खनन निदेशक से शपथ पत्र के माध्यम से जवाब मांगा है। 23 नवंबर को होने वाली अगली सुनवाई में मामले की आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
गोपाल बनवासी, याचिकाकर्ता
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post