मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में पंचवटी फिल्म्स प्रोडक्शन एवं आदर्श औद्योगिक स्वायत्त सहकारिता (आदर्श संस्था) द्वारा उनके पांच वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर आधारित विशेष एल्बम गीत का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने एल्बम से जुड़े निर्माता-निर्देशक, गीतकार, संगीतकार, गायक और अन्य कलाकारों सहित आदर्श संस्था के पदाधिकारियों को इस प्रयास के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा और राज्य में हो रहे सकारात्मक बदलावों को गीत-संगीत के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।
सीएम धामी ने कहा कि रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, पर्यटन को प्रोत्साहित करने, महिलाओं को सशक्त बनाने तथा युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और देवभूमि की विशिष्ट पहचान के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ विकास कार्यों को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस अवसर पर आदर्श संस्था की अध्यक्ष आशा कोठारी ने मुख्यमंत्री को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में हुए विकास कार्यों और जनहित में लिए गए विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णयों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने एल्बम के निर्माता उत्तम सिंह भंडारी, गायक विक्रम भंडारी एवं शिवानी नेगी, संगीतकार विजयपाल कलूड़ा सहित एल्बम से जुड़े कलाकारों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों और संस्था के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के पांच वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को गीत-संगीत के माध्यम से प्रस्तुत करने के प्रयास को राज्य की विकास यात्रा से जोड़ने की बात कही।
Reported By: Praveen Bhardwaj











Discussion about this post