सार्वजनिक और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए देहरादून जिला प्रशासन जल्द ही बड़े स्तर पर अभियान शुरू करने जा रहा है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा है कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि सरकारी संपत्तियों और सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस संबंध में विभिन्न विभागों और संबंधित एजेंसियों के साथ कई दौर की बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। सभी विभागों को अतिक्रमण के मामलों को गंभीरता से लेते हुए समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि शहर और जनपद के विभिन्न क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर ऐसे स्थानों की पहचान कर ली गई है, जहां अतिक्रमण की समस्या सामने आई है। चिन्हित क्षेत्रों में प्रशासन, नगर निगम, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों की संयुक्त टीमों द्वारा अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।
डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सार्वजनिक उपयोग की भूमि और सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण से मुक्त कराना है, ताकि आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और सरकारी परिसंपत्तियों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित विभागों को अभियान की तैयारियां पूरी करने और चिन्हित स्थलों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन का मानना है कि अतिक्रमण हटाने की इस पहल से न केवल सार्वजनिक भूमि सुरक्षित होगी, बल्कि शहर के सुव्यवस्थित विकास और यातायात व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है, ताकि अभियान को सफल बनाया जा सके।
डॉ आशीष चौहान जिलाधिकारी देहरादून
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post