मानसून सीजन को देखते हुए रिस्पना नदी के सफाई एवं पुनरुद्धार कार्यों में तेजी लाई जा रही है। बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने राजीव नगर क्षेत्र पहुंचकर रिस्पना नदी में चल रहे सफाई अभियान का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल और मुख्य नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सफाई कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और गति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले रिस्पना नदी की व्यापक सफाई सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि वर्षाकाल में जल निकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे और नदी संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिल सके।
इसे भी पढ़ें
नगर निगम देहरादून द्वारा मार्च माह से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक करीब 17 हजार मीट्रिक टन कूड़े का निस्तारण किया जा चुका है। नगर निगम द्वारा बिंदाल नदी के लगभग 8 किलोमीटर तथा रिस्पना नदी के करीब 12 किलोमीटर क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अलावा शहर के विभिन्न नालों, जलधाराओं और नदी क्षेत्रों में भी नियमित सफाई कार्य जारी है।
जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम रिस्पना नदी के पुनरुद्धार के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। अभियान में नगर निगम की ओर से 12 जेसीबी मशीनें और 15 डम्पर लगाए गए हैं, जिनकी सहायता से नदी क्षेत्र से कूड़ा, मलबा और अन्य अवरोध हटाए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि नमामि गंगे एवं जिला स्वच्छता समिति के सहयोग से नदी संरक्षण और स्वच्छता के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसके तहत नदी किनारे और आसपास के उन स्थानों का चिन्हीकरण किया जा रहा है जहां कूड़े के ढेर लगे हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाएगा। साथ ही नदी में गिरने वाले बिना उपचारित नालों के पानी के उपचार की दिशा में भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि रिस्पना नदी के पुनर्जीवन के लिए दीर्घकालिक और व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार कर चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। जिला प्रशासन, नगर निगम और संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से नदी संरक्षण एवं पुनरुद्धार के लक्ष्य को हासिल किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे संसाधनों और सहयोग की सराहना करते हुए सभी संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्यों में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए।
Reported By: Praveen Bhardwaj











Discussion about this post