वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ऋषिकेश पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने बिहार के सीतामढ़ी जिले के 25 हजार रुपये के इनामी और वांछित अपराधी मोहम्मद नसीम अख्तर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 10 जून 2026 को बिहार पुलिस से सूचना प्राप्त हुई थी कि सीतामढ़ी का वांछित अपराधी मोहम्मद नसीम अख्तर अपने भाई वसीम की पैरवी और सहायता के लिए ऋषिकेश आया हुआ है। वसीम कुछ दिन पूर्व ऋषिकेश क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में गिरफ्तार किया गया था। अभियुक्त की आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए उसके द्वारा किसी गंभीर वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई गई थी।
सूचना के आधार पर एसएसपी देहरादून के निर्देश पर ऋषिकेश पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीमों ने क्षेत्र में सघन चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया। मुखबिर और सर्विलांस की मदद से अभियुक्त के नटराज फ्लाईओवर, हरिद्वार रोड के पास मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध 12 बोर का देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक सैमसंग मोबाइल फोन, पैन कार्ड, आधार कार्ड और 1200 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना ऋषिकेश में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25(1-B)(a) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने अपने भाई वसीम और अन्य साथियों के साथ बिहार के सीतामढ़ी जिले में एक व्यक्ति से लूट की घटना को अंजाम दिया था। आरोप है कि लूट के दौरान पीड़ित की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से बिहार पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए उसका भाई वसीम अपने साथियों के साथ ऋषिकेश स्थित ससुराल आ गया था। हालांकि, ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने उसे और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया था। नसीम अख्तर अपने भाई से मिलने और बिहार पुलिस से बचने के लिए ऋषिकेश आया था तथा ट्रेन के जरिए फरार होने की योजना बना रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस अब अभियुक्त के आपराधिक नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post