सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पीआईबी देहरादून की ओर से आयोजित पांच दिवसीय अध्ययन एवं मीडिया एक्सपोजर टूर के पांचवें दिन मीडिया दल ने छत्तीसगढ़ के आदिवासी संग्रहालय का दौरा किया। इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने आदिवासी नायकों के संघर्ष, योगदान और अंग्रेजी शासन के खिलाफ किए गए विभिन्न विद्रोहों के इतिहास को करीब से जाना।
करीब 9.75 एकड़ भूमि में निर्मित इस संग्रहालय में वर्ष 1774 से 1939 के बीच जनजातीय समुदायों द्वारा किए गए विभिन्न विद्रोहों और स्वतंत्रता आंदोलनों को 16 गैलरियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। संग्रहालय का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 नवंबर 2025 को किया था।
संग्रहालय में आदिवासी समुदायों की जीवनशैली, संस्कृति और परंपराओं के साथ ही बाहरी हस्तक्षेप के कारण उत्पन्न संघर्षों को अलग-अलग माध्यमों से प्रस्तुत किया गया है। यहां जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन, उनके संघर्ष, तत्कालीन सामाजिक परिस्थितियों और अंग्रेजी शासन के खिलाफ अपनाई गई रणनीतियों को डिजिटल तकनीक के माध्यम से भी दर्शाया गया है।
गैलरियों में कोया क्रांति 1859, लिंगागिरी क्रांति 1856, रेस्ट एरिया तथा रानी चो-रिस 1878 समेत विभिन्न जनजातीय आंदोलनों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया है। चित्रों, मूर्तियों, दस्तावेजों और डिजिटल तकनीक के जरिए इन संघर्षों की घटनाओं को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया है। इनमें जंगल, जमीन और पारंपरिक अधिकारों की रक्षा के लिए अंग्रेजी शासन के खिलाफ जनजातीय समुदायों के संघर्ष को प्रमुखता से दिखाया गया है।
संग्रहालय का उद्देश्य आदिवासी गौरव, स्वतंत्रता, देशप्रेम, शौर्य और बलिदान की भावना को समाज तक पहुंचाना है। इसके साथ ही इसे विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और अध्येताओं के लिए अध्ययन केंद्र के रूप में भी विकसित किया गया है, ताकि वे जनजातीय इतिहास और स्वतंत्रता संघर्ष में आदिवासी नायकों की भूमिका को बेहतर तरीके से समझ सकें।
इस अवसर पर पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि संग्रहालय आदिवासी इतिहास और स्वतंत्रता संघर्ष की गाथाओं को आधुनिक तकनीक के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से उन जनजातीय नायकों के योगदान को व्यापक स्तर पर सामने लाने में मदद मिलती है, जिन्होंने देश के स्वतंत्रता संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post