
युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने और ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचान देने के उद्देश्य से देहरादून जिले में सांसद खेल महोत्सव के तहत विकासखण्ड स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सांसद डॉ. नरेश बंसल के सौजन्य से आयोजित दो दिवसीय इस खेल महोत्सव में बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेलप्रेमी शामिल हुए।
विकासखंड सहसपुर के मिनी स्टेडियम शंकरपुर में आयोजित प्रतियोगिता में सहसपुर, विकासनगर, कालसी और रायपुर सहित विभिन्न विकासखंडों से लगभग 400 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स और पिट्टू जैसी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साह और जोश के साथ दमदार प्रदर्शन किया।
अपने संदेश में डॉ. नरेश बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आयोजित सांसद खेल महोत्सव ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं, जो युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।
उन्होंने यह भी बताया कि विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता के विजेताओं को जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकार द्वारा सम्मान और सेवाओं में अवसर प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ा है।
डॉ. बंसल ने कहा कि 2030 में भारत में संभावित कॉमनवेल्थ और 2036 में संभावित ओलंपिक आयोजन से पारंपरिक खेलों, विशेषकर कबड्डी, के लिए नए अवसर पैदा होंगे, जो ग्रामीण खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन मंच साबित होंगे। आयोजन समिति ने बताया कि खेल महोत्सव का लक्ष्य गाँव-गाँव के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post