लोक पर्व हरेला के अवसर पर नगर निगम देहरादून ने “हरित देहरादून–स्वच्छ देहरादून” अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर महापौर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम परिसर और बाद में गांधी पार्क में पार्षदों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति और पर्यावरण के प्रति हमारी आस्था का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि शहर को हरित और स्वच्छ बनाने में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि “मिशन पोषण संकल्प” के तहत स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से शहर के सभी वार्डों में घर-घर जाकर 4 से 5 लाख सब्जियों के पौधों का वितरण किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य लोगों को पोषणयुक्त आहार के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ घरों में किचन गार्डन को बढ़ावा देना है।
महापौर ने बताया कि आगामी एक माह के भीतर 70 हजार फलदार, छायादार और चारा प्रजाति के पौधों का रोपण एवं वितरण किया जाएगा। साथ ही लगाए जाने वाले सभी पौधों की जीपीएस मैपिंग कर उन्हें ग्रीन रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा, ताकि उनके संरक्षण और नियमित निगरानी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पौधों के संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने की दिशा में भी व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा। अभियान के माध्यम से नगर निगम स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-अनुकूल देहरादून के निर्माण की दिशा में जनसहभागिता को बढ़ावा देगा।
Reported By: Shiv Narayan












Discussion about this post