मसूरी। लोक पर्व हरेला के अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी स्थित आईटीबीपी अकादमी परिसर में आईटीबीपी के अधिकारियों एवं हिम प्रहरियों के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आईटीबीपी द्वारा चलाए जा रहे वृक्षारोपण अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात हिम प्रहरी पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी सराहनीय योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भविष्य सुनिश्चित करने का संकल्प है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण तथा संवर्धन की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जाए और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखा जाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रकृति संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण और समृद्ध प्राकृतिक धरोहर उपलब्ध कराई जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान आईटीबीपी के अधिकारियों एवं हिम प्रहरियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post