हरिद्वार के भगवानपुर स्थित क्वांटम यूनिवर्सिटी एक बार फिर चर्चाओं में है। मंडावर स्थित यूनिवर्सिटी कैंपस में गोली चलने की सूचना सामने आने के बाद पुलिस और मीडिया टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जानकारी में कैंटीन क्षेत्र से सटी दीवार को तोड़कर कुछ लोगों के कैंपस में दाखिल होने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना में वास्तव में फायरिंग हुई थी या नहीं, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना के बाद कैंपस में छात्रों के बीच भी तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कुछ छात्रों ने नाम न बताने की शर्त पर कैंपस में विवाद और फायरिंग जैसी घटनाओं का जिक्र किया, लेकिन कैमरे पर सामने आने से उन्होंने इनकार कर दिया। ऐसे में छात्रों के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने कैमरे पर बयान देने से परहेज किया। हालांकि, पुलिस की ओर से जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
वहीं, यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने फिलहाल किसी तरह की फायरिंग की पुष्टि नहीं की है। प्रबंधन से जुड़े एक कर्मचारी के मुताबिक कैंपस में एक तेज आवाज सुनाई दी थी। आवाज सुनने के बाद वह मौके पर पहुंचे, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो सका कि आवाज फायरिंग के कारण हुई थी या किसी अन्य वजह से।
जांच के बाद साफ होगी तस्वीर
फिलहाल कैंपस में गोलीबारी हुई थी या नहीं, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है और जांच के बाद ही फायरिंग की पुष्टि अथवा इससे जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा। पुलिस जांच के बाद सामने आने वाली जानकारी के आधार पर ही मामले की पूरी तस्वीर साफ होगी।
क्वांटम यूनिवर्सिटी स्टाफ
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post