कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर देहरादून पुलिस ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में राहुल गांधी छात्रों के साथ संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे।
कार्यक्रम को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों को लेकर पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि पुलिस का प्रयास है कि कार्यक्रम का सफल आयोजन भी हो और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना भी न करना पड़े। इसके लिए ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक तैयारियां की गई हैं।
उन्होंने बताया कि संभावित भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस ने प्लान ए और प्लान बी तैयार किए हैं। यदि कार्यक्रम के दौरान भीड़ अधिक बढ़ती है या यातायात प्रभावित होने की स्थिति बनती है, तो परिस्थितियों के अनुसार वैकल्पिक यातायात योजना लागू की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि कार्यक्रम और शहर की यातायात व्यवस्था दोनों सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
स्वप्निल मुयाल, सीओ सिटी देहरादून
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post