प्राविधिक शिक्षा विभाग उत्तराखंड के अंतर्गत संचालित राजकीय एवं निजी पॉलिटेक्निक कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विभाग ने विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए इच्छुक छात्र-छात्राओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 15 मई 2026 निर्धारित की गई है।
विभाग द्वारा “पॉलिटेक्निक चलो अभियान-2026” के तहत युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता और प्रवेश प्रक्रिया चलाई जा रही है। इसके अंतर्गत प्रदेश के सभी संस्थानों में रोजगारपरक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुकेश पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि अभ्यर्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट ubterjeep.co.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEEP) में शामिल हो सकते हैं।
इस बार के पाठ्यक्रमों में केमिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी, सिविल, मैकेनिकल, ऑटोमोबाइल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और फार्मेसी सहित करीब 40 डिप्लोमा कोर्स शामिल हैं।
विभाग ने यह भी बताया कि पॉलिटेक्निक डिप्लोमा उत्तीर्ण छात्रों को बीटेक में सीधे द्वितीय वर्ष (लेटरल एंट्री) में प्रवेश की सुविधा दी जा रही है। साथ ही 12वीं और आईटीआई उत्तीर्ण छात्रों को भी यह अवसर उपलब्ध है, जिससे समय और संसाधन दोनों की बचत होगी।
प्रदेश में कुल 71 राजकीय, 1 अनुदानित और 85 निजी पॉलिटेक्निक संस्थान संचालित हैं, जहां छात्राओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान भी है। अधिकतर संस्थानों में छात्रावास सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
विभाग ने कहा कि पॉलिटेक्निक संस्थानों से पास होने वाले छात्रों के लिए हर वर्ष रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है, ताकि उन्हें उद्योगों में बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें। प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर आवेदन करने की अपील की है, ताकि वे तकनीकी शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को मजबूत बना सकें।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post