
मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोठाल गेट की दीवार को कुछ अज्ञात लोगों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। दीवार टूटने से विद्यालय भवन की सुरक्षा को लेकर भी खतरा पैदा हो गया है। आरोप है कि निजी होटल, स्कूल और एस्टेट तक सड़क को चौड़ा करने और बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए रास्ता बनाने के उद्देश्य से रातों-रात स्कूल की दीवार को तोड़ा गया।
बताया जा रहा है कि वर्ष 1954 में स्थापित इस विद्यालय में वर्तमान में 35 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय परिसर में आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित होता है, जहां विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ अज्ञात लोगों ने रात के समय विद्यालय की दीवार को तोड़कर वहां नई दीवार खड़ी कर दी और आने-जाने का रास्ता भी बंद कर दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय के शिक्षकों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इसकी सूचना दी। सूचना पर जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और वहां बनाई गई नई दीवार को हटवा दिया।
जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय के शिक्षकों को मामले में पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं विद्यालय प्रबंधन समिति को भी पूरे मामले की जानकारी दी गई है।
विद्यालय के शिक्षक सुरेश जोशी ने बताया कि घटना की सूचना विद्यालय प्रबंध समिति को दी गई थी, जिसके बाद समिति के लोग मौके पर पहुंचे और दीवार को हटाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अज्ञात लोगों द्वारा षड्यंत्र के तहत यह कार्रवाई की गई है। दीवार टूटने के कारण विद्यालय भवन की सुरक्षा को भी खतरा उत्पन्न हो गया है।
शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर विद्यालय की भूमि और भवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
अध्यापक सुरेश जोशी
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post