उत्तराखंड सरकार नई खेल नीति तैयार करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। प्रदेश की खेल नीति को अधिक प्रभावी और समावेशी बनाने के लिए अब आम लोगों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से भी सुझाव लिए जाएंगे। खेल मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक के बाद खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि नई खेल नीति तैयार करते समय केंद्र सरकार की खेल नीति के प्रमुख प्रावधानों को शामिल किया जाएगा। साथ ही उत्तराखंड के पारंपरिक और लोक खेलों को प्रोत्साहन देने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि प्रदेश की खेल संस्कृति को नई पहचान मिल सके।
उन्होंने कहा कि खेल विभाग जल्द ही आम नागरिकों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल विशेषज्ञों से सुझाव आमंत्रित करेगा। प्राप्त उपयोगी सुझावों का अध्ययन कर उन्हें नई खेल नीति का हिस्सा बनाया जाएगा। इसके अलावा उत्कृष्ट और व्यवहारिक सुझाव देने वाले लोगों को सम्मानित करने की भी योजना बनाई जा रही है।
बैठक में खेल मंत्री ने अधिकारियों को प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए खेल विश्वविद्यालय महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
रेखा आर्या ने पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पात्र खिलाड़ियों के मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा, ताकि उन्हें समय पर नियुक्ति मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि कुछ पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रदेश की खेल अकादमियों में समायोजित करने की तैयारी की जा रही है। इससे खिलाड़ियों के अनुभव का लाभ नई पीढ़ी को मिलेगा और प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post