
मुरादाबाद मंडल के योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता पखवाड़ा-2026 एवं ठोस अवशिष्ट प्रबंधन (SWM)-2026 के अंतर्गत यात्रियों के साथ ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए उनके सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं प्राप्त करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को एकल उपयोग प्लास्टिक (सिंगल यूज प्लास्टिक) से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। उन्हें प्लास्टिक के उपयोग से बचने और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में यात्रियों की भागीदारी के महत्व पर भी जोर दिया गया।
इस दौरान यात्रियों को चार प्रकार के डस्टबिन के उपयोग और कचरे के उचित पृथक्करण के बारे में समझाया गया। यात्रियों को गीले, सूखे और अन्य प्रकार के कचरे को निर्धारित डस्टबिन में डालने के लिए जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि कचरे का सही पृथक्करण और उचित निस्तारण स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मांगे सुझाव
रेल जन संवाद के दूसरे चरण में रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं को लेकर यात्रियों से बातचीत की गई। इस दौरान उनसे सुविधाओं में सुधार के लिए सुझाव और प्रतिक्रियाएं प्राप्त की गईं। इसका उद्देश्य यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं को बेहतर बनाना तथा उनकी रेल यात्रा को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और सुखद बनाने के लिए आवश्यक प्रयास करना है।
मुरादाबाद मंडल रेल प्रशासन की ओर से स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत जनभागीदारी बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने और यात्रियों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की कि वे एकल उपयोग प्लास्टिक से बचें, कचरे को निर्धारित डस्टबिन में ही डालें और रेलवे स्टेशन एवं रेल परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहयोग दें। प्रशासन के अनुसार, स्वच्छ रेल परिसर, स्वस्थ पर्यावरण और बेहतर यात्री सुविधाओं के निर्माण में प्रत्येक यात्री की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post