
गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने विकास भवन सभागार में आपदा प्रभावित क्षेत्रों में हो रहे मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापरक तरीके से पूरे किए जाएँ, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत मिल सके।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिले में आपदा जनित क्षति, राहत वितरण और पुनर्निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। बताया गया कि लगभग ₹3.62 करोड़ की राहत राशि पात्र लाभार्थियों को वितरित की जा चुकी है। आयुक्त ने पौड़ी जनपद में राहत कार्यों की त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए स्थायी कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने सड़क, बिजली, पेयजल सहित अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को शीघ्र सुचारु करने और क्षतिग्रस्त मकानों के विस्थापन हेतु सुरक्षित वैकल्पिक स्थलों की पहचान कर भूगर्भीय जाँच कराने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को जनसंवेदना को प्राथमिकता में रखते हुए कार्य करने पर बल दिया।
बैठक में आगामी राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने शिक्षा विभाग को निबंध, चित्रकला और पेंटिंग प्रतियोगिताओं में अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नागरिकों से 9 नवंबर को शाम में अपने घरों में दीप जलाकर राज्य स्थापना दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने की अपील की।
गढ़वाल रेंज के आईजी राजीव स्वरूप ने बताया कि रजत जयंती वर्ष के अवसर पर सभी थानों में “रन फॉर यूनिटी” दौड़ आयोजित की जाएगी, जिसके लिए शिक्षा विभाग को सहयोग करने को कहा गया है।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post