उत्तरकाशी जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मंगलवार को जलागम विभाग द्वारा संचालित स्प्रिंग एंड रिवर रिजुविनेशन अथॉरिटी (SARRA) एवं उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना (UCRRFP) की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने दोनों योजनाओं के अंतर्गत जिले में संचालित कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में ‘एक जनपद एक नदी’ योजना के तहत उत्तरकाशी जिले के लिए चयनित कमल नदी में प्रस्तावित एवं किए जाने वाले कार्यों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने आवंटित धनराशि के सापेक्ष प्रस्तावित कार्यों का पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
18 जल स्रोतों के कार्यों की समीक्षा
बैठक में वन विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में चयनित 18 जल स्रोतों के लिए स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष किए गए कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कार्यों का परीक्षण करने के बाद अवशेष धनराशि अवमुक्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने केदारगंगा एवं कमलगंगा नदी में पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान वन विभाग द्वारा कराए गए कार्यों को जिला निगरानी समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष जोर
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के तहत किए जा रहे सभी कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और पर्यावरण संरक्षण के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों और नदियों के संरक्षण से जुड़े कार्यों में पर्यावरणीय संतुलन को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिला स्तरीय समिति के सदस्यों ने ऑफलाइन एवं ऑनलाइन माध्यम से प्रतिभाग किया।
Reported BY: Gopal Nautiyal











Discussion about this post