रामनगर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते रामनगर क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित होने लगा है। बारिश के कारण टेड़ा गांव का बरसाती नाला अचानक उफान पर आ गया। नाले में पानी का बहाव इतना तेज था कि उसे पार करना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया। स्थिति को देखते हुए नाले के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोग पानी का बहाव कम होने का इंतजार करते रहे।
इसी दौरान टेड़ा गांव की ओर सामान और एक सवारी लेकर जा रहा एक थ्री-व्हीलर नाला पार करने लगा। जैसे ही वाहन तेज बहाव के बीच पहुंचा, पानी का दबाव बढ़ने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते तेज धार थ्री-व्हीलर को अपने साथ बहाकर ले जाने लगी। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
थ्री-व्हीलर में सवार यात्री ने खतरे को भांपते हुए समय रहते वाहन से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई। वहीं, चालक भी तेज बहाव में फंस गया। चालक को मुश्किल में देखकर स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हादसे के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि थ्री-व्हीलर बरसाती नाले में फंस गया था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से काफी मशक्कत के बाद वाहन को नाले से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि तेज बहाव के कारण थ्री-व्हीलर पानी में बने गड्ढे की ओर जाने से बाल-बाल बच गया। यदि वाहन गड्ढे में चला जाता तो हादसा और गंभीर हो सकता था।
लगातार बारिश के कारण क्षेत्र के कई बरसाती नाले उफान पर हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तेज बहाव वाले नालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए और खतरे की स्थिति में लोगों को नाले पार करने से रोका जाए, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post