सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून द्वारा आयोजित हैदराबाद प्रेस दौरे के तहत उत्तराखंड का 15 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल 31 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक तेलंगाना के अध्ययन दौरे पर है। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक श्री संजीव सुंद्रियाल कर रहे हैं। दौरे का उद्देश्य पत्रकारों को तेलंगाना में केंद्र सरकार की प्रमुख विकास गतिविधियों, योजनाओं और पहलों की प्रत्यक्ष जानकारी उपलब्ध कराना है।
अध्ययन दौरे के पहले दिन प्रतिनिधिमंडल ने पीआईबी हैदराबाद का भ्रमण किया। इस दौरान पत्रकारों ने पीआईबी हैदराबाद की अपर महानिदेशक श्रीमती श्रुति पाटिल, संयुक्त निदेशक डॉ. मानस कृष्णकांत समेत अन्य अधिकारियों से संवाद किया। अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को तेलंगाना के बदलते मीडिया परिदृश्य तथा केंद्र सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों और प्रमुख पहलों के प्रचार-प्रसार के लिए पीआईबी एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) द्वारा संचालित संचार और आउटरीच कार्यक्रमों की जानकारी दी।
श्रीमती श्रुति पाटिल ने विकास-उन्मुख पत्रकारिता को बढ़ावा देने में इस तरह के प्रेस दौरों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे अध्ययन यात्रा के दौरान प्राप्त अनुभवों और जानकारी को उत्तराखंड की जनता तक पहुंचाएं, ताकि विभिन्न राज्यों में संचालित विकास पहलों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ सके।
इसके बाद मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अधीन कार्यरत भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS) का दौरा किया। यहां पत्रकारों को भारत की महासागर निगरानी क्षमता, सुनामी चेतावनी प्रणाली, समुद्री पूर्वानुमान तथा आपदा संबंधी अलर्ट जारी करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली आधुनिक तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अध्ययन यात्रा के आगामी चरण में प्रतिनिधिमंडल भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के राष्ट्रीय पोषण संस्थान (NIN) तथा श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत संचालित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) अस्पताल का दौरा करेगा। इन संस्थानों के भ्रमण के दौरान पत्रकारों को पोषण अनुसंधान, सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ी पहलों तथा कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त होगी।
प्रतिनिधिमंडल ने भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अंतर्गत हैदराबाद में आयोजित हैंडलूम प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। प्रदर्शनी में देश के विभिन्न राज्यों के शिल्पियों, बुनकरों और कलाकारों द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पादों के विभिन्न स्टॉल लगाए गए हैं। पत्रकारों ने प्रदर्शनी में विभिन्न राज्यों की कला, शिल्प और हथकरघा उत्पादों की विविधता का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में लोगों की उत्साहजनक भागीदारी और आकर्षण देखने को मिला।
दौरे के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत प्रतिनिधिमंडल सालार जंग संग्रहालय, चारमीनार और लाड बाजार का भ्रमण करेगा। इन स्थलों के माध्यम से पत्रकारों को हैदराबाद की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और स्थापत्य विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
यह अध्ययन यात्रा पत्रकारों को तेलंगाना में केंद्र सरकार की विकासपरक पहलों और विभिन्न संस्थानों के कार्यों की जमीनी जानकारी देने के साथ-साथ हैदराबाद की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post